Headlines

REET स्टूडेंट्स को अब सरकारी के साथ-साथ निजी बसों में भी मिलेगी फ्री यात्रा

जयपुर : प्रदेश में होने वाली सबसे बड़ी रीट परीक्षा को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी है। बैठक में आज सीएम अशोक गहलोत ने REET परीक्षा को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं। अब तक रीट अभ्यर्थियों के लिए रोडवेज बसों में फ्री यात्रा थी, लेकिन गुरुवार को हुई बैठक में निजी व लोक परिवहन की बसों में भी निशुल्क यात्रा कराने का फैसला लिया गया है। वहीं पेपर लीक और नकल जैसे प्रकरण को रोकने के लिए भी सख्त कदम उठाए गए है। यदि किसी भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी ऐसे मामले में मिलीभगत मिलती है तो उसे बर्खास्त किया जाएगा। इसके अलावा प्राइवेट कर्मचारी या इंस्टीट्यूट का भी पेपर आउट जैसे मामले में नाम सामने आता है तो संस्थान की मान्यता रद्द कर दी जाएगी। शिक्षा विभाग की ओर से दिए इन प्रस्तावों को सीएम गहलोत ने मंजूर भी कर दिया है।

निजी बसों में रीट स्टूडेंट्स कर सकेंगे फ्री यात्रा

मुख्यमंत्री निवास पर रीट को लेकर हुई बैठक में गहलोत ने परिवहन विभाग को निर्देश दिए हैं कि रीट की परीक्षा देने वाले किसी भी स्टूडेंट से किसी भी तरह की बस में किराया नहीं वसूला जाए। रोडवेज के अलावा निजी और लोक परिवहन बस भी सरकार अधिग्रहित करेगी। हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है कि कितनी बसें अधिग्रहित की जाएगी। लेकिन यह तय हो चुका है कि अभ्यर्थी फ्री में यात्रा कर सकेंगे। इसके लिए बस में अपना आईडी कार्ड और एडमिट कार्ड साथ लेकर चलना होगा।

एग्जाम सेंटर तक वीडियोग्राफी, कलेक्टर भी नहीं ले जा सकेंगे मोबाइल

इस बैठक में पेपर लीक जैसे प्रकरण को रोकने के लिए भी सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए है। एग्जाम पेपर सेंटर तक ले जाने के दौरान पूरे रास्ते की वीडियोग्राफी होगी। इसके अलावा सेंटर में मोबाइल पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। यदि कलेक्टर या फिर अन्य अधिकारी निरीक्षण करने भी जाते हैं तो वे भी सेंटर में मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे।

11 रीट स्पेशल ट्रेन अब तक हो चुकी मंजूर

बैठक में मुख्य सचिव और मंत्रियों के अलावा परिवहन विभाग, गृह और पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग सहित संबंधित विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बैठक में बताया कि अब तक 11 ट्रेन चलाने की स्पेशल परमिशन रेलवे से मिल चुकी है। इनके अलावा और भी ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के लिए रेलवे से डिमांड की गई है।

परीक्षा केन्द्र में गड़बड़ी मिली तो मान्यता होगी रद्द

खाचरियावास ने बताया कि परीक्षा केन्द्र पर गड़बड़ी पाई गई, तो उसकी मान्यता रद्द की जाएगी। भविष्य में वहां किसी भी तरह की परीक्षा नहीं करवाई जाएगी। साथ ही जो गिरोह रीट अभ्यर्थियों या स्टूडेंट्स के परिजनों को परीक्षा में पास करवाने या पेपर आउट करवाने की बात कहकर ठगने की कोशिश करेंगे, उनसे पुलिस सख्ती से निपटेगी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *