जयपुर। पंजाब में मुख्यमंत्री बदलने के बाद राजस्थान में भी सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समर्थक उप सचेतक महेंद्र चौधरी ने कहा कि राजस्थान में नेतृत्व फेरबदल का सवाल ही नहीं उठता। पूरे पांच साल गहलोत ही रहेंगे। उनके नेतृत्व में पूरी कांग्रेस एकजुट है। सरकार का काम भी अच्छा चल रहा है। गहलोत ने अस्वस्थ रहने के बावजूद प्रदेश का पूरा ध्यान रखा है। कांग्रेस हाईकमान भी जानता है। उन्होंने पायलट का नाम लिए बिना निशाना साधा और कहा कि प्रदेश की जनता खुश हैं।
निर्दलीय विधायक नागर फिर बोले- हम सबकी प्राथमिकता अशोक गहलोत
गहलोत समर्थक निर्दलीय विधायक बाबूलाल नागर ने कहा- हम सबकी प्राथमिकता अशोक गहलोत हैं। राजस्थान के लिए अशोक गहलोत जरूरी हैं। अमित शाह, मोदी कां मुकाबला गहलोत ही कर सकते हैं। राजस्थान में केवल गहलोत ही एकमात्र ऐसे नेता हैं जो पांच साल सरकार को कायम रखने में समर्थ हैं।
पायलट को लेकर नागर ने ये कहा
सचिन पायलट को लेकर नागर ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं कि सचिन पायलट युवा नेता हैं और अगर कांग्रेस में निष्ठा के साथ काम करते रहेंगे तो लंबे समय तक कांग्रेस की धरोहर के रूप में रहेंगे। हाईकमान जहां उन्हें अवसर दें, वहां उन्हें काम करना चाहिए। नागर ने मंत्रिमण्डल के मसले पर कहा कि डेढ़ साल तक मंत्रिमंडल पुनर्गठन और विस्तार का समय नहीं था, मंत्रिमंडल विस्तार का समय तो अब आया है।