जयपुर : अलवर से भाजपा सांसद बाबा बालकनाथ ने कांग्रेस सरकार की तुलना तालिबान से कर दी। भाजपा के अलवर सांसद बाबा बालकनाथ में कहा है कि जब से प्रदेश में गहलोत सरकार बनी है, तब से प्रदेश में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ने लगा है। तालिबान जैसे हालात बन रहे हैं। अलवर अपराध का गढ़ बन गया है। भिवाड़ी, नीमराणा, बहरोड़, बानसूर में ताबड़तोड़ ऐसी क्राइम की घटनाएं हो रही है। भिवाड़ी में बेखौफ बदमाशों ने सरेआम एक बेकरी पर 30 राउंड फायरिंग की, तब बेकरी में 70 लोग मौजूद थे।
उन्होंने कहा, अलवर जिले में लगातार गैंगरेप, लूट, फायरिंग और ठगी की घटनाएं होती जा रही हैं। परेशान होकर लोग अपने घर छोड़कर पलायन करने लगे हैं। बालकनाथ ने आरोप लगाया कि पुलिस और स्थानीय कांग्रेस नेता बदमाशों को संरक्षण देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पास गृह विभाग होने के कारण नैतिकता के नाते मुख्यमंत्री को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
लाहौटी भी बोले, कानून का राज नहीं
भाजपा विधायक अशोक लाहोटी ने भी कहा कि राजस्थान में कानून का राज नहीं है। जब से यह सरकार राजस्थान में आई है, तब से ऐसा लग रहा है कि तालिबान का राज आ गया हो। राजस्थान में कांग्रेस की सरकार और तालिबान के राज में कोई फर्क नहीं है। यहां न महिलाएं सुरक्षित हैं न दलित। ऐसा लगता है कि अंधेर नगरी, चौपट राजा और पोपा बाई का राज हो गया हो। अब तो कांग्रेस के विधायक भी कह रहे हैं कि सरकार हमें फंसाने का काम कर रही है।
भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी ने भी आरोप लगाया है कि राजस्थान सरकार के कदम तालिबान की ओर बढ़ते हुए लगते हैं। जिस तरह तालिबान किसी कानून को नहीं मानता है। राजस्थान में भी ऐसा लगता है कि कानून और प्रशासन नाम की कोई चीज़ नहीं है। इस समय सरकार में हर एक बॉडी स्वतंत्र है। जो चाहे वह अपराध कर रहा है, अपराधी बेखौफ़ घूम रहे हैं।
तुष्टीकरण का आरोप
देवनानी ने आरोप लगाया कि राजस्थान में तुष्टीकरण की नीति अपनाई जा रही है। विधायक प्रताप सिंह सिंघवी ने छबड़ा का मामला उठाया है। टोंक के मालपुरा में हालात और भी विकट हैं। वहां पर हिन्दू परिवारों का पलायन शुरू हो गया है, यह भी राज पर एक तरह का धब्बा है। इस तरह की सरकार को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है।
कांग्रेस का पलटवार
कांग्रेस विधायक रफीक खान ने गहलोत सरकार के बचाव में कहा कि भाजपा नेताओं का दिवालियापन और मानसिक विकृति इस बयान से नजर आ रही है। मालपुरा में हिन्दू परिवारों के पलायन मामले को लेकर विधायक रफीक खान ने कहा कि मालपुरा कोई देश नहीं है, बल्कि एक कस्बा है। अगर वहां पलायन का कोई मामला आया है, तो उन्हें सरकार को बताना चाहिए। सरकार पूरी तरह सक्रिय है। प्रशासन एक्टिव है। वहां इस तरह की कोई बात नहीं है। भाजपा को केवल इसी तरह के मुद्दे चाहिए।


