नई दिल्ली : नॉर्थ दिल्ली के सब्ज़ी मंडी इलाक़े में तीन मंज़िला इमारत ढहने की घटना सामने आई है। घटना के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। फायर डिपार्टमेंट की पांच गाड़ियां मौक़े पर पहुंची हैं। इमारत ढहने के चलते वहां से गुजर रहे दो बच्चे भी इसकी चपेट में आ गए थे। मलबे से रेस्क्यू कर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 11:50 मिनट पर सब्जी मंडी से एक फोन कॉल की गई थी जिसमें बताया गया था कि यहां एक इमारत ढह गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पांच फायर टेंडर गाड़ियां पहुंची हैं। यह इमारत मलकागंज के नजदीक, दिल्ली में रॉबिन सिनेमा के सामने स्थित थी।
इमारत के पहले और दूसरे फ्लोर पर रह रहे थे कई परिवार
ये इमारत रेजिडेंशियल थी। ऐसे में बताया जा रहा है कि इमारत के पहले और दूसरे फ्लोर पर परिवार भी रह रहे थे। फिलहाल मौके पर राहत और बचाव कार्य करने के लिए टीमें मौजूद हैं। कई लोगों को अस्पताल ले जाया गया है।
बीजेपी नेता ने की सर्वे की मांग
बीजेपी प्रवक्ता प्रवीन कपूर ने कहा कि, उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर एवं आयुक्त से निवेदन / मांग है कि गत कुछ दिनों की तेज बारिश में पुरानी दिल्ली एवं स्लम क्षेत्रों में दर्जनों पुरानी इमारतें और कमजोर हो गई हैं। आज सब्जी मंड़ी (सिविल लाइन जोन) में एक खतरनाक इमारत गिर भी गई। कृप्या अविलंब पुरानी दिल्ली एवं स्लम इलाकों में खतरनाक भवनों के सर्वे एवं कार्रवाई का आदेश दे कर भविष्य में दुर्घटनाओं पर रोक लगायें।


