नई दिल्ली। राजस्थान के नगरीय विकास एवं आवासीय मंत्री शांति धारीवाल ने कहा है कि प्रदेश की राजधानी जयपुर के सबसे बड़े सवाई मान सिंह (SMS) अस्पताल में 1200 बेड का आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इनडोर पेशेंट विभाग (IPD ) टावर बनने जा रहा है जहां हेलीपैड की भी सुविधा दी जाएगी। जिससे गम्भीर रोगियों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुँचाया जा सकेगा। इस सुविधा से प्रदेश के चिकित्सा के क्षेत्र को क्रांतिकारी बदलाव लाए जा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राज्य सरकार का यह प्रयास है कि राजस्थान को पूर्ण रूप से समृद्ध ,विकसीत और शक्तिशाली प्रदेश बनाया जा सके । धारीवाल राजस्थान फाउंडेशन ने “मिलिए सरकार से” वर्चुअल शृंखला की पहली कड़ी में प्रवासी राजस्थानियों को राज्य सरकार के विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे थे। उन्होंने राज्य में चल रही अनेक जन कल्याणकारी और विकास योजनाओं से प्रवासियों को अवगत करवाया।
धारीवाल ने कहा कि राजस्थान फाउंडेशन ने “मिलिए सरकार से” एक अनूठी वर्चुअल शृंखला की शुरुआत की है जिसमें हमारे देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों में बसे प्रवासी राजस्थानी राज्य सरकार के मंत्रियों और अन्य प्रतिनिधियों से सीधी वार्ता कर सकेंगे ।
धारीवाल ने कहा कि राजस्थान फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की उस सोच को और आगे ले जाने वाला है जिससे प्रवासियों को अपने प्रदेश से जोड़ने के मिशन को मजबूती मिलेगी । उन्होंने कहा कि गहलोत की राजस्थान फाउंडेशन के गठन करने के पीछे यही सोच थी कि कैसे राजस्थानी समुदाय के लोगों को एक साथ – एक परिवार के रूप में जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि फाउंडेशन के आयुक्त धीरज श्रीवास्तव की निपुणता, कर्मठता, कर्तव्यनिष्ठता, सकारात्मकता, सोच और अनुभव की तारीफ़ की और कहा कि राजस्थान फाउंडेशन जिस तरह से प्रवासियों को अपनी मिट्टी से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है यह एक बहुत सराहनीय कार्य है।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए राजस्थान फाउंडेशन के कमिश्नर धीरज श्रीवास्तव ने कहा कि “मिलिए सरकार से” कार्यक्रम एक अभिनव प्रयास है जो प्रवासियों को सीधे अपनी सरकार से जुड़ने का मौका देगा। उन्होंने कहा कि प्रवासियों को अपनी मिट्टी से जोड़ने का यह कार्यक्रम न केवल प्रवासियों को प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों को करीब से जानने का मौका देगा बल्कि राजस्थान में निवेश के अवसर को भी बढ़ायेगा।
“मिलिए सरकार से” कार्यक्रम की पहली कड़ी में यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल के समक्ष देश और विदेश से जुड़े प्रवासी राजस्थानियों ने अपने विचार रखे जिनमें यूएसए से डॉक्टर जयवीर राठौड़, मुंबई से डॉक्टर अनिल बगरिया, नैरोबी (केन्या ) से सोनवीर सिंह, कोलकाता से एच पी बुधिया, जर्मनी से अर्पित जैन, आयरलैंड से बाबूलाल यादव, दुबई से डॉ मयंक वत्स, बहरीन से रमेश पाटीदार, ऑस्ट्रेलिया से कमल भूतड़ा, अमरीका यूएसए से राज नाथावत आदि ने राजस्थान में चिकित्सा, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क तथा आर्थिक और सामाजिक विकास के क्षेत्र में किए जा रहें कार्यों और विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। सभी प्रवासियों ने एक स्वर में राजस्थान फाउंडेशन के आयुक्त धीरज श्रीवास्तव की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से देश और दुनिया में बसे हुए प्रवासियों को अपने देश और प्रदेश से जुड़ कर गर्व की अनुभूति होती है तथा प्रदेश के लिए हर संभव सहयोग के संकल्प को भी मजबूती मिलती हैं।
फ़ाउण्डेशन के आयुक्त धीरज श्रीवास्तव ने कोरोना महामारी से निपटने में प्रवासी राजस्थानियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि प्रवासियों द्वारा प्रदेश में ऑक्सीजन प्लांट लगवाने, लिक्विड ऑक्सीजन भिजवाने, राजस्थान फाउंडेशन के माध्यम से हर तरह का सहयोग राज्य सरकार को प्रदान किया गया तथा ऐसे कठिन समय में सभी प्रवासी राज्य सरकार के साथ खड़े नजर आए यह प्रवासियों का अपने प्रदेश के लिए अटूट प्यार का प्रमाण है।
वेबिनार में यूडीएच के सलाहकार जी एस संधू, प्रमुख शासन सचिव, यूडीएच कुंजीलाल मीना, सचिव स्वायत्त शासन भवानी सिंह देथा, जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए ) के आयुक्त गौरव गोयल ने विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी ।साथ ही प्रवासियों के सवालों के जवाब भी दिए।
