Headlines

‘वाई-ब्रेक’ ऐप पर 5 मिनट योग से दूर होगा तनाव, आयुष मंत्रालय का योग प्रोटोकॉल मोबाइल ऐप

'वाई-ब्रेक' ऐप पर 5 मिनट योग से दूर होगा तनाव, आयुष मंत्रालय का योग प्रोटोकॉल मोबाइल ऐप

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सर्वग्राही सरकार की कल्पना को आगे बढ़ाते हुए कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने ‘वाई-ब्रेक’ मोबाइल ऐप को लॉन्च किया। विशेष रूप से विकसित 5 मिनट का यह योग प्रोटोकॉल कार्यस्थल पर पेशेवरों को ऊर्जावान रखने और काम का तनाव घटाने में मददगार साबित होगा। ऐप में विभिन्न प्रकार के आसन, प्राणायाम और ध्यान को शामिल किया गया है।

बुधवार को विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने योग के लाभ बताए। उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि कॉर्पोरेट पेशेवर अक्सर अत्यधिक काम के कारण तनाव और शारीरिक समस्याओं का अनुभव करते हैं। अन्य क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को भी इसी तरह की समस्याओं से जूझना पड़ता है। कामकाजी आबादी को ध्यान में रखते हुए यह वाई-ब्रेक ऐप विकसित किया गया है, जो कर्मचारियों को कार्यस्थल पर कुछ आराम देगा।

f91b2f05 6c6d 457c 977a f74b105ceb40

सोनोवाल ने कहा कि मेरा दावा है कि यदि वाई-ब्रेक का ईमानदारी से अभ्यास किया जाए तो यह लोगों के स्वास्थ्य को बेहतर बानने में एक प्रमुख भूमिका निभा सकता है।

केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि आयुष मंत्रालय बहुत ही सरल तरीके से योग का प्रचार कर रहा है, जो काफी सराहनीय है। मुझे यकीन है कि लोग वाई-ब्रेक ऐप को हाथों-हाथ लेंगे। लोगों को यह काफी पसंद आएगा। उन्होंने कहा कि योगासन को एक खेल के रूप में घोषित किया गया है। हम कोरोना का खतरा खत्म होने के बाद योगासन के लिए विश्व चैम्पियनशिप आयोजित करने की योजना बना रहे हैं।

becee58c 375c 4500 bb5f 8384754f69a5 1

केंद्रीय विदेश और संस्कृति राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि वाई-ब्रेक ऐप सम्पूर्ण मानव जाति के कल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि हम योग को बढ़ावा देने के लिए डिजिटल तकनीक का उपयोग कर रहे हैं, जो वास्तव में काबिले तारीफ है।

केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री डॉ. मुंजपारा महेंद्रभाई ने कहा कि आप सभी ने स्वयं देखा है कि यह ऐप कितना प्रभावशाली है। इसको विकसित करने में गहरे शोध के साथ और अनुभवी विशेषज्ञों के विचारों को शामिल किया गया है।

इससे पहले, ओएसडी (आयुष ग्रिड), आयुष मंत्रालय डॉ. लीना छत्रे ने वाई-ब्रेक ऐप पर तकनीकी प्रस्तुति दी। मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के निदेशक डॉ. ईश्वर वी. बसावरेड्डी ने योगासनों का प्रदर्शन किया। समारोह के दौरान मंत्रियों सहित सभी पदाधिकारी योग तकनीकों के प्रभावशाली प्रदर्शन के साक्षी बने और मोबाइल ऐप में दिए गए पांच मिनट के योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *