नई दिल्ली : अफगानिस्तान में तालिबान का कब्जा होने के बाद काबुल एयरपोर्ट पर भारी भीड़ हो गई है। फिलहाल एयरपोर्ट अमेरिकी सैनिकों के कंट्रोल में है। एयरपोर्ट पर हुई गोलीबारी में कुछ लोग मारे गए हैं और कई लोग घायल हुए हैं। वीडियो में एयरपोर्ट पर लाशें नजर आ रही हैं। वहीं, एयरपोर्ट पर हजारों की तादाद में ऐसे लोग पहुंच गए हैं जिनके पास ना वीजा है और ना टिकट। काबुल में मोबाइल रिचार्ज कराने में लोगो को दिक्कत आ रही है। ऐसे में लोग इंटरनेट और कॉल क्रेडिट आपात स्थिति के लिए बचा रहे हैं।
हिजाब न पहनने वाली महिलाओं को तालिबान ने गोली मारी
अफगानिस्तान पर कब्जे के बाद तालिबान सभी को ये मैसेज देने की कोशिश कर रहा है कि वो अफगानियों की जान-माल की हिफाजत करेगा, लेकिन काबुल एयरपोर्ट से एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। एयरपोर्ट के नजदीक कई ऐसी महिलाओं को गोली मार दी गई है, जिन्होंने हिजाब नहीं पहना था। हालांकि, तालिबान ने अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है। फायरिंग के बाद एयरपोर्ट पर भगदड़ मच गई। इसका वीडियो भी सामने आया है। तालिबानियों की फायरिंग के बाद अमेरिकी सैनिकों ने भी जवाबी फायरिंग की है।
एयरपोर्ट पर 6 हजार सैनिक तैनात करेगा अमेरिका
अमेरिका ने कहा है कि वह एयरपोर्ट पर अपने 6 हजार सैनिक तैनात करेगा, ताकि नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। अभी काबुल एयरपोर्ट पर भगदड़ जैसे हालात हैं। देश छोड़ने के लिए लोग हजारों की तादाद में वहां जमा हो गए हैं। कई ऐसे भी हैं जो बिना कोई सामान लिए एयरपोर्ट पर पहुंच गए हैं।
