जयपुर। चर्चित भंवरी देवी हत्याकांड मामले (Bhanwari Devi Murder Case) में सह आरोपी परसराम विश्नोई को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है। परसराम विश्नोई साढ़े 8 साल से ज्यादा समय जेल में बिता चुका है।
सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस संजय किशन कौल और जस्टिस ऋषिकेश रॉय की बैंच ने परसराम विश्नोई की जमानत के आदेश दिए । इसके अलावा महिपाल मदेरणा इलाज के लिए अंतरिम जमानत पर बाहर है। मामले में कुल 17 अभियुक्त हैं, जिनमें से जमानत पाने वाले विश्नोई दूसरे व्यक्ति हैं।
राजस्थान के बहुचर्चित भंवरी देवी कांड (Bhanwari Devi Murder Case) ने 2011 में प्रदेश की राजनीति में भूचाल ला दिया था। भंवरी देवी एक सामान्य सी नर्स थी जिसका संबंध राजस्थान की राजनीति में बड़े-बड़े नेताओं से था। भंवरी देवी सितंबर 2011 में अचानक गायब हो गई। भंवरी देवी के लापता होने के बाद उसकी हत्या कर दी गई।
ये मामला इतना बढ़ा कि इसकी जांच सीबीआई को दे दी गई। इसके बाद रहस्य परत दर परत खुलता चला गया। मामले के तार जुड़े राजस्थान के तत्कालीन जलदाय मंत्री महिपाल मदेरणा और कांग्रेस विधायक मलखान विश्नोई से। मामले में ऑडियो क्लिप और सीडी भी उजागर हुई।
