जयपुर: श्याम भक्तों के लिए कोरोना लॉकडाउन के बाद अच्छी खबर है। खाटूश्याम मंदिर को गुरुवार से दर्शनों के लिए खोला जा रहा है। फिलहाल ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के आधार पर ही दर्शन होंगे। बाबा श्याम के दर्शनों के लिए रोजाना 12 हजार श्रद्धालुओं की व्यवस्था रहेगी। SDM अशोक कुमार रणवां और श्रीश्याम मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में 22 जुलाई से मंदिर को खोलने का फैसला लिया गया है। प्रशासन की ओर से मंदिर खोलने के लिए परमिशन मिलते ही श्रद्धालुओं की ज्यादा भीड़ नहीं हो, इसके लिए कमेटी की ओर से ऑनलाइन बुकिंग दर्शन सिस्टम शुरू किया है।
बाबा के दर्शनों के लिए श्रद्धालु घर बैठे ही ऑनलाइन बुकिंग कर पाएंगे। 8 बजे से रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिए गए है। रजिस्ट्रेशन के बाद ही बाबा श्याम के दर्शन कर सकेंगे। खास बात है कि रविवार, एकादशी, द्वादशी को भीड़ की संभावना देखते हुए मंदिर को बंद रखा जाएगा।
तीन चरणों में होंगे दर्शन
मंदिर में दर्शनों की व्यवस्था तीन चरणों में रहेगी। सबसे पहले श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा। वैक्सीन की पहली डोज का प्रमाणपत्र या RT-PCR की 72 घंटे अवधि की निगेटिव रिपोर्ट प्रवेश द्वार पर बने निरीक्षण केन्द्र पर दिखानी होगी। दर्शन के लिए तीन चरण तय किए गए है। मंदिर में बाबा के सुबह 7 से दोपहर 12 बजे, दोपहर 2 से शाम 5 और 5 से रात 8 बजे तक ही तीन चरणों में दर्शन कराए जाएगें। रोजाना दोपहर 12 से 2 बजे तक मंदिर बंद रहेगा। हर श्रद्धालु को दर्शन के लिए 20 सेकंड दिए जाएंगे। खाटूश्यामजी के स्थानीय लोगों को आधार कार्ड से रोजाना मंदिर कमेटी द्वारा नीयत एक घंटे में दर्शन की व्यवस्था की जाएगी। मंदिर में बिना मास्क प्रवेश नहीं मिलेगा, माला प्रसाद पर रोक रहेगी, दंडवत नहीं कर पाएंगे, सभा मंडल से ही दर्शन कर पाएंगे।
ऐसे कर सकेंगे ऑनलाइन बुकिंग
श्रद्धालु मंदिर की वेबसाइट http://www.khatushyam.in पर प्रकिया के प्रारंभ होने के बाद ऑनलाइन बुकिंग का लिंक मिलेगा। इसमें उम्र के अनुसार रजिस्ट्रेशन होगा। इसमें आधार व मोबाइल नंबर, ईमेल अपडेट करना होगा। आप परिवार के साथ आ रहें, तो एड मेंबर करके उनका आधार व मोबाइल नंबर देना होगा। आपको रजिस्ट्रेशन नंबर मिल जाएगा। इसके बाद मोबाइल पर मिले रजिस्ट्रेशन को मंदिर के एंट्री गेट पर दिखाने के बाद ही प्रवेश मिल पाएगा। NRI दर्शनार्थियों को पहले अपने दस्तावेज मेल करने होंगे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन के आधार पर उनके दर्शन कराए जाएगें। NRI के भी 72 घंटे में RT-PCR रिपोर्ट व वैक्सीन की रिपोर्ट मान्य रहेगी।
