जयपुर : जयपुर नगर निगम ग्रेटर की निलंबित महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर के पति राजाराम गुर्जर को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। राजाराम को मंगलवार सुबह मुख्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया था। एसीबी के डीजी बीएल सोनी ने बताया कि बीवीजी कंपनी को धमकाने के अंदाज में रिश्वत मांगने के आरोप में राजाराम गुर्जर को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, रिश्वत की भारी रकम का ऑफर करने के आरोप में बीवीजी कंपनी के प्रतिनिधि ओमप्रकाश सप्रे को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा वायरल वीडियो में रिश्वत का ऑफर करने वाले बीवीजी कंपनी के प्रतिनिधि संदीप चौधरी और रिश्वत की सौदेबाजी में सहयोगात्मक भूमिका निभाने वाले निंबाराम व अन्य के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधित) अधिनियम 2018 और 120 बी आईपीसी में मुकदमा दर्ज किया गया है।
आपको बता दें कि यह पूरा मामला शहर में सफाई करने वाली BVG कंपनी को 276 करोड़ का भुगतान करने की एवज में 20 करोड़ रुपए का कमीशन देने की डील की सौदेबाजी का है। जिसका गत 10 जून को इस डील के खेल का वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। वायरल वीडियो पर ACB ने स्वत: संज्ञान लिया था। एसीबी के डीजी बीएल सोनी के निर्देश पर एसीबी ने प्रारंभिक शिकायत दर्ज कर जांच एडिशनल एसपी बजरंग सिंह शेखावत को सौंपी गई थी।
आईएएस और आरएसएस प्रचारक से भी हो सकती है पूछताछ
बता दें कि वायरल हुए दो वीडियो में आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक निंबाराम भी बातचीत में नजर आए थे। इसके अलावा एक वायरल ऑडियो में राजाराम गुर्जर और बीवीजी कंपनी के प्रतिनिधि के बीच बातचीत में एक आईएएस का भी नाम सामने आया था। ऐसे में आने वाले दिनों में एसीबी आरएसएस के प्रचारक और आईएएस से भी पूछताछ कर बयान दर्ज कर सकती है।
