नई दिल्ली : देश की राजधानी दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम के बाहर पहलवान सागर हत्याकांड मामले में आरोपी ओलंपिक पदक विजेता सुशील पहलवान को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत अवधि समाप्त होने के बाद अदालत के समक्ष पेश किया गया। जहां से अदालत ने एक बार फिर पहलवान की न्यायिक हिरासत अवधि 14 दिन और बढ़ा दी है। जेल प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि सुशील को 9 जुलाई को पुन: अदालत के समक्ष पेश किया जाए।
रोहिणी स्थित मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट मयंक अग्रवाल की अदालत के समक्ष सुशील पहलवान की पेशी हुई। इस मामले के जांच अधिकारी ने अदालत के समक्ष आरोपी की न्यायिक हिरासत अवधि बढ़ाने का आग्रह किया, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया।
फोटो सेशन हुआ वायरल
हत्या के एक आरोपी के साथ दिल्ली पुलिस का फोटो सेशन चर्चा का विषय बन गया है। सागर धनकड़ हत्याकांड के आरोपी सुशील कुमार के साथ दिल्ली पुलिसकर्मियों का फोटो सेशन जमकर वायरल हो रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, ये तस्वीरे जेल शिफ्टिंग के दौरान की हैं। तस्वीरों में दिल्ली पुलिस के बावर्दी इंस्पेक्टर और कैदियों की सुरक्षा में तैनात हथियारों से लैस गार्ड नजर आ रहे हैं। जेल प्रशासन के मुताबिक, ये रूटीन प्रक्रिया है. सूत्रों की मानें तो सुरक्षा कारणों से ऐसा किया गया है।
