मुंबई: पद से हटने के बाद भी महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख की मुसीबतें कम नहीं हो रही हैं। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में घिरे अनिल देशमुख के नागपुर और मुंबई स्थित घरों में प्रवर्तन निदेशालय (ED Action) की टीमों ने छापेमारी की है। उनके नागपुर स्थित घर पर शुक्रवार को सुबह ही ईडी (ED Action) की टीम छापेमारी को पहुंच गई थी। वहीं एक टीम कुछ देर बाद उनके मुंबई के वर्ली इलाके में स्थित घर पर रेड के लिए पहुंची। केंद्रीय एजेंसी ने अनिल देशमुख के खिलाफ इस साल मई महीने में मनी लॉन्ड्रिंग के तहत मामला दर्ज किया था।
हालांकि, ईडी की इस छापेमारी में क्या-क्या मिला है, अब तक इसकी डिटेल सामने नहीं आई है, मगर माना जा रहा है कि देशमुख से इस मामले में पूछताछ की जा सकती है। इससे पहले ईडी ने गुरुवार को डीसीपी राजू भुजबल का बयान दर्ज किया था। अप्रैल में सीबीआई ने मामले के सिलसिले में देशमुख के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनके चार परिसरों पर छापेमारी की थी।
Another team of Enforcement Directorate (ED) raids former Maharashtra Home Minister Anil Deshmukh’s residence in Mumbai’s Worli area: ED#Maharashtra
— ANI (@ANI) June 25, 2021
गौरतलब है कि सचिन वाझे मामले में इसी साल मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को चिट्ठी लिखकर राज्य के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। आरोपों के बाद अनिल देशमुख ने पद से इस्तीफा दे दिया था।
