Headlines

प्रहलाद गुंजल बोले वसुंधरा को आगे रखे बिना सत्ता में वापसी असंभव

जयपुर: कांग्रेस के बाद अब भाजपा में भी गुटबाजी तेज होने लगी है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय के बाहर लगे ​होर्डिंग में वसुंधरा राजे की फोटो नहीं लगाने के बाद से जुबानी जंग शुरू हो गई है। वसुंधरा राजे खेमा भी अब मुखर होकर सामने आ गया है। भाजपा नेता और पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने कहा- मैं अपने अनुभव से कह सकता हूं कि राजस्थान में वसुंधरा राजे जितना बड़ा कद और उतना ही बड़ा मन किसी नेता का नहीं है। मैं उनके विरोध में भी खड़ा रहा और अब साथ हूं, दोनों अनुभव से कह रहा हूं। वसुंधरा राजे को आगे रखे बिना राजस्थान में भाजपा सत्ता में नहीं आ सकती। आज चाहे वसुंधरा राजे हों, सतीश पूनिया हों या अन्य नेता हों सबका मकसद है कि राजस्थान में भाजपा का राज आए।

आज की तारीख में वसुंधरा जैसा नेता कोई और नहीं

भैरो सिंह जैसे कद्दावर नेता भी राजस्थान में कभी पूर्ण बहुमत नहीं ला पाए थे, लेकिन वसुंधरा राजे दो-दो बार प्रचंड बहुमत लेकर आईं, इस बात को नजरंअदाज नहीं किया जा सकता। मेरे खुद के वसुंधरा राजे से मतभेद रहे हैं, उतना बड़ा मन और उतना बड़ कद किसी का नहीं है, यह मेरे अनुभव से कह रहा हूं। कल उनके सामने खड़ा था, आज उनके साथ हूं। आज की तारीख में वसुंधरा जैसा नेता कोई और नहीं है।

प्रहलाद गुंजल ने पिछली बार शांति धारीवाल को हराया

प्रहलाद गुंजल फायरब्रांड नेता माने जाते हैं। 2013 के विधानसभा चुनाव में गुंजल ने यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल को चुनाव हरवाया था। साल 2018 के चुनाव में गुंजल धारीवाल से हार गए। इससे पहले गुर्जर आरक्षण के मसले पर गुंजल ने भाजपा छोड़ी थी और वसुंधरा राजे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। बाद में गुंजल फिर भाजपा में आए,अब वे वसुंधरा राजे खेमे में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *