जयपुर। पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट समर्थक विधायकों की एक-एक करके सरकार के खिलाफ तल्खी सामने आ रही है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री शीशराम ओला के बेटे और झुझुंनू से विधायक बृजेन्द्र ओला ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कहा कि विधायकों के ही काम नहीं हो रहे हैं, आम कार्यकर्ताओं की तो बात ही क्या करें? मौजूदा राजनीतिक माहौल में हम मूक दर्शक बनकर नहीं रह सकते।
उन्होंने कहा कि पांच साल तक यहां हमने सचिन पायलट के साथ रहकर संघर्ष किया। किसानों और आम लोगों के बीच गए और उनसे वादा किया कि कांग्रेस सरकार बनेगी तो सत्ता में उनकी भी हिस्सेदारी होगी। सरकार भी बन गई लेकिन अब तो वे बोले कि कार्यकर्ताओं से किए वादे जल्द पूरे होने चाहिए। मेरे परिवार की राजनीतिक पृष्टभूमि कांग्रेस से ही जुड़ी रही है। मुझे कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व पर पूरा विश्वास है। जिस कार्यकर्ता ने पार्टी के लिए काम किया है उसके विश्वास पर हमें खरा उतरना होगा।
पिछले साल दिल्ली भी हम इसलिए गए थे,क्योंकि यहां उनकी सुनवाई नहीं हो रही थी। हम कांग्रेस के हित की बात कह रहे हैं, पार्टी को ढाई साल बाद फिर से चुनाव में जाना है, इसलिए जो वादे किए हैं उन्हें पूरा करना होगा। बृजेंद्र ओला विधानसभा के बजट सत्र में भी सरकार पर भेदभाव का आरोप लगा चुके हैं।
