जयपुर। पेट्रोल-डीजल और ईंधन की बढ़ती कीमतों, आर्थिक मंदी और बेरोजगारी के विरोध में कांग्रेस ने आज प्रदेश के सभी शहरों में एक घंटे का सांकेतिक धरना दिया। इसमें जिला कांग्रेस की तरफ से जयपुर में पेट्रोल पंपों के नजदीक धरने प्रदर्शन हुए। धरने में जयपुर नगर निगम ग्रेटर महापौर सौम्या गुर्जर के पति के वायरल हुए वीडियो में आरएसएस के प्रचारक निंबाराम के नजर आने का मुद्दा भी जमकर उछला।
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि ये वीडियों सच हुआ तो आरएसएस का चाल, चरित्र और असली चेहरा देश और दुनिया के सामने आ जाएगा। डोटासरा ने कहा कि अगर उनका ऐसा चेहरा बेनकाब होता है तो मैं समझता हूं कि आने वाले दिनों में ये किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रमों में आने लायक नहीं रहेंगे।
सौदेबाजी करना बीजेपी की आदत
परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि नगर निगम ग्रेटर में सौदेबाजी का वीडियो वायरल होने पर कमाल हो गया। बाकी सब तो दलाली करो। पैसे मांगो। कोई दिक्कत नहीं है। बीजेपी वालों की यह आदत में है। लेकिन उनके बीच में आरएसएस के एक बहुत बड़े नेता का नाम आया। यह बहुत दुख की बात है। उन्होंने कहा कि अब आरएसएस को यह तय कर लेना चाहिए झूठ फरेब की राजनीति बंद करो।

आंदोलन को गांव ढाणी तक ले जाएंगेे
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा व परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने पेट्रोल और ईंधन की बढ़ती कीमतों पर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए महंगाई वाली सरकार बताया। महंगाई के खिलाफ इस आंदोलन को हम प्रदेश के सभी गांव ढाणी तक लेकर जाएंगे और 2024 में मोदी सरकार का सूपड़ा साफ करके रहेंगे।
सोशल डिस्टेंसिंग की उड़ी धज्जिया
कांग्रेस के इस धरने में सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जिया जमकर उड़ी। इस पर डोटासरा ने माफी मांगते हुए कहा कि महंगाई से त्रस्त कार्यकर्ताओं का ऐसा जुनून था कि खुद को धरने में शामिल होने से नहीं रोक सके। इसलिए धरने में काफी लोग इकट्ठा हो गए। इसके लिए वे माफी भी चाहते है।
ये भी रहे उपस्थित
अजमेर रोड पर धरने प्रदर्शन में डोटासरा व खाचरियावास के अलावा मंत्री बीडी कल्ला, मंत्री भजनलाल जाटव, उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी, महापौर मुनेश गुर्जर, कांग्रेस नेता धर्मेंद्र सिंह राठौड़, पार्षदों सहित कई बड़े दिग्गज नेता शामिल हुए।
