Headlines

कमलेश प्रजापत एनकाउंटर की होगी CBI जांच, CM गहलोत ने दी मंजूरी

जयपुर : राजस्थान के बाड़मेर के कुख्यात तस्कर कमलेश प्रजापत एनकाउंटर मामले में राज्य सरकार ने सीबीआई जांच की अनुशंसा की है। एनकाउंटर पर लगातार उठ रहे सवालों और भारी विवाद के बाद राजस्थान सरकार ने आखिरकार मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री की अनुमति के बाद अब गृह विभाग प्रकरण की फाइल सीबीआई को भेजी जाएगी। सीबीआई की ओर से प्रकरण को स्वीकार करने के बाद ही मामले की सीबीआई जांच शुरू हो पाएगी।

सीएम की मंजूरी के बाद अब गृह विभाग सिफारिशी चिट्ठी, अधिसूचना और पूरे केस के दस्तावेज केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत मंत्रालय को भेजेगा। आज ही केंद्र को सीबीआई जांच की सिफारिशी चिट्ठी भेजने की तैयारी है। गृह विभाग तैयारी में जुट गया है।

प्रजापत समाज भी कर रहा था सीबीआई जाँच की मांग

कमलेश एनकाउंटर पहले दिन से ही सवालों के घेरे में था। पुलिस इस मामले में जो कहानी बता रही थी, उस पर किसी को यकीन नहीं हो रहा था। पचपदरा विधायक मदन प्रजापत सहित प्रजापत समाज के गणमान्य लोगों ने एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए इसकी सीबीआई जांच की मांग की थी। पिछले दिनों मदन प्रजापत ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से जयुपर में मुलाकात की थी। सीबीआई से जांच करवाने पर सहमति दी थी। आज मुख्यमंत्री ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की मंजूरी दे दी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोल दी पोल

तस्कर कमलेश प्रजापत के 22 अप्रैल की रात को हुए पुलिस एनकाउंटर पर विवाद लगातार गहराता जा रहा था। एनकाउंटर से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद एनकाउंटर सवालों के घेरे में आया। पुलिस की बताई कहानी की पोल पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोल दी।

सीआईडी सीबी भी कर रही है जांच

कमलेश एनकाउंटर की सीआईडी सीबी भी जांच कर रही है। पिछले दिनों सीआईडी सीबी की टीम ने एनकाउंटर स्थल पर जाकर जांच की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *