जयपुर: राजस्थान में गहलोत सरकार ने मौजूदा लॉकडाउन की पाबंदियों को आगे बढ़ाने की तैयारी कर ली है। 31 मई तक लॉकडाउन बढ़ाया जाना तय है। कोरोना की चेन तोड़ने के लिए एक्सपर्ट ने अभी दो सप्ताह के लॉकडाउन की और जरूरत बताई है। गृह विभाग ने इसकी गाइडलाइन भी तैयार कर ली है। कोरोना लॉकडाउन की पाबंदियों को जारी रखने के साथ ही अनलॉक शुरू करने पर विचार के लिए कल मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 12.30 बजे कैबिनेट की वर्चुअल बैठक बुलाई है।
कैबिनेट की बैठक में प्रदेश में कोविड मैनेजमेंट और लॉकडाउन की पाबंदियों पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री लॉकडाउन की नई गाइडलाइन को मंजूरी दे सकते हैं। इसके बाद गृह विभाग 31 मई तक लॉकडाउन बढ़ाने की गाइडलाइन जारी करेगा। गहलोत सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए 10 मई से 24 मई तक के लिए प्रदेश भर में सख्त लॉकडाउन लगाने का फैसला किया था।
Read More: गर्मी में पानी को लेकर सरकार चिंतित, कन्टींजेन्सी प्लान बनाने को कहा
मनरेगा अनलॉक पर विचार
ग्रामीण इलाकों में मनरेगा के कामों पर 10 मई से रोक है। कई जनप्रतिनिधियों ने सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मनरेगा के काम फिर से शुरू करने की मांग रखी है। नई गाइडलाइन में मनरेगा के कामों को शुरू करने की छूट मिल सकती है।
किराना दुकानों का समय बढ़ाने पर विचार
नई गाइडलाइन में किराना और खाद्य सामग्री से जुड़ी दुकानों का समय बढ़ाया जा सकता है। इन दुकानों को अभी सप्ताह में 5 दिन सुबह 6 से 11 बजे तक ही खोलने की अनुमति है। इस समय को बढ़ाया जा सकता है।
कृषि उपकरणों से जुड़ी दुकानों को छूट संभव
प्रदेश में एग्रीकल्चर इनपुट और उपकरणों से जुड़ी दुकानों का समय बढ़ाया जा सकता है। ग्रामीण इलाकों में इसकी लगातार मांग की जा रही है। किसान खरीफ की बुवाई की तैयारियों के लिए खेतों को सुधारने के काम में लगे हैं। इसलिए खाद, बीज, कृषि उपकरणों और उनके मेंटीनेंस से जुड़ी दुकानों को खोलने की छूट देने का प्रावधान हो सकता है।
Read More : जयपुर में तीन दवा दुकानों सहित चार फर्म पर मारे छापे
