जयपुर। कोरोना पीड़ित पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा स्वस्थ होकर आज जयपुर लौट आए और यहां पहुंच 21 मई को राजीव गांधी के बलिदान दिवस पर शुरू होने वाले कार्यक्रम व अभियान की तैयारी में जुट गए।
डोटासरा ने आज पत्रकारों से बातचीत में बताया कि बलिदान दिवस पर युद्ध स्तर पर अभियान हाथ में लिया जाएगा। अभियान के तहत कांग्रेस की तरफ से लाखों की संख्या में दवाओं के किट व मास्क बांटे जाएंगे। एमएलए फण्ड से इंफ्रास्ट्रक्चर और संसाधन दिए जाएंगे। हर विधानसभा क्षेत्र को 2-2 एम्बुलेंस विधायक देंगे।
कांग्रेस की तरफ से भोजन वितरण भी होगा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस कंट्रोल रूम लगातार काम कर रहा है। 6000 समस्या आई, उनका निराकरण हुआ है। 25 हजार समस्या जिला कमेटियों से आई उनका भी समाधान किया गया है। ख़ुद सीएम अशोक गहलोत लगातार व्यवस्था संभाले हुए हैं।
डोटासरा ने केंद्र पर भी निशाना साधा और कहा कि 360 मीट्रिक टन ऑक्सीजन मिल रही है,जबकि दोगुनी जरूरत है। कांग्रेस की कल इन तैयारियों को लेकर वर्चुअल मीटिंग भी होगी।
