जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पहल पर विदेशों से मंगाए जा रहे ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर की दूसरी खेप में रूस से 640 ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर मंगलवार को जयपुर पहुंच गए। इससे पहले रूस से ही शनिवार को पहली खेप में 100 ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में आ गए थे। रुस से 1250 ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर मंगाए जा रहे हैं। जिसमें से शेष ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर 16 मई तक जयपुर पहुंच जाएंगे। रूस से कॉन्सेंट्रेटर प्राप्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
विदेशों से ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर आने शुरु होने के साथ ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के प्रयास धरातल पर उतरने लगे है। चीन से भी इसी माह 6900 ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर की खेप जयपुर पहुंच रही है। गौरतलब है कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर के चलते चिकित्सालयों में ऑक्सीजन सिलेण्डरों की देशव्यापी कमी के बावजूद मुख्यमंत्री ने आगे बढ़कर कदम उठाते हुए विदेशों से सीधे संपर्क व समन्वय बनाकर ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर मंगाने के निर्देश दिए।
इसके लिए मुख्यमंत्री ने 30 अप्रेल को अतिरिक्त मुख्य सचिव माइंस एवं पेट्रोलियम डाॅ. सुबोध अग्रवाल की अध्यक्षता में डॉ. प्रीतम वी. यशवंत और टीना डाबी का उच्च स्तरीय कोर ग्रुप का गठन किया था। विदेशों से ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर मंगाने के प्रयासों से दस दिन मेें ही रुस से दो खेप में 740 ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर जयपुर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त हो गए हैं।
25 मई तक 8150 ऑक्सीजन कन्सेन्ट्रेटर आएंगे जयपुर
एसीएस माइंस डाॅ. सुबोध अग्रवाल ने मंगलवार को सचिवालय में उच्च स्तरीय कोर ग्रुप की बैठक में विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने बताया कि चीन से 6900 ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर 25 मई तक आने की संभावना है। इस तरह रूस और चीन से ही 8150 ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर 25 मई तक जयपुर आ जाएंगे। डाॅ. अग्रवाल ने बताया कि अन्य देशों व स्रोतों से भी ऑक्सीजन कन्सेन्ट्रेटर के लिए संपर्क व समन्वय बनाया गया है और वहां से भी जल्दी ही ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर पहुंचने शुरु होने वाले हैं।
Read More : सीएम गहलोत: मरीज को भर्ती अथवा रेफर के लिए नि:शुल्क एम्बुलेंस
