कांग्रेस छोड़ BJP में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद

पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद

नई दिल्ली : ज्योतिरादित्य सिंधिया के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की टीम से एक और बेहद अहम विकेट गिरा है। कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इससे पहले जितिन प्रसाद ने गृहमंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात भी की। उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले यह बड़ा सियासी उलटफेर है।

गोयल ने कहा- पीएम मोदी से प्रभावित होकर पार्टी जॉइन की

पीयूष गोयल ने कहा, ‘आज जितिन प्रसाद हमारे बीच में है। ये उत्तर प्रदेश के नेता हैं। भाजपा की नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रभावित होकर हमारी पार्टी में आ रहे हैं। ये कांग्रेस संगठन में कई पदों पर काम कर चुके हैं। मंत्री भी रहे हैं। जितिन प्रसाद ने बहुत छोटी आयु से उत्तर प्रदेश की सेवा में अपना पूरा जीवन झोंक दिया है। इन्होंने छोटी आयु में भी उत्तरप्रदेश में दौरा किया। अलग-अलग जिलों में जाकर अपनी प्रतिभा और काम से लोगों का दिल जीता। शाहजहांपुर से सांसद बने। इन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीति में जो भूमिका निभाई, वो हम सबने देखी है।

चुनौतियों और परिस्थितियों का सामना करने के लिए उपयुक्त नेता है पीएम मोदी

जितिन प्रसाद ने कहा कि मैंने 7-8 साल में अनुभव किया कि असल मायने में कोई संस्थागत राजनीतिक दल है, वो भारतीय जनता पार्टी है, बाकी दल तो व्यक्ति विशेष और क्षेत्र के हो गए हैं। जितिन प्रसाद ने कहा कि जिस चुनौतियों और परिस्थितियों का देश इन दिनों सामना कर रहा है, उससे निपटने के लिए अगर कोई उपयुक्त दल है तो वह है भाजपा और कोई उपयुक्त नेता है तो वह हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। कांग्रेस में मैं अपने लोगों की सेवा नहीं कर पा रहा था, मुझे उम्मीद है कि बीजेपी के माध्यम से मैं लोगों की सेवा कर सकूंगा।

यूपी के बड़े नेताओं में शुमार हैं जितिन प्रसाद

कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद का नाम उत्तर प्रदेश के बड़े नेताओं में शुमार है। 2019 लोकसभा चुनाव से पहले भी कयास लगाए जा रहे थे कि जितिन कांग्रेस को छोड़कर BJP का दामन थाम सकते हैं, लेकिन तब ऐसा नहीं हो पाया था। जितिन प्रसाद धौरहरा लोकसभा सीट से सांसद रह चुके हैं। इसके अलावा उनके पास केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री की जिम्मेदारी थी। राजनीतिक गलियारे में चर्चा है कि यूपी में प्रियंका गांधी के आने के बाद से जितिन प्रसाद को साइड लाइन कर दिया गया। पार्टी के कार्यक्रमों में भी उनको कम तवज्जो मिलती थी। वो उन 23 नेताओं में भी शामिल थे जिन्होंने सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *