नई दिल्ली : कोरोना वैक्सीन की कमी को लेकर केंद्र सरकार और विपक्ष आमने-सामने उतर आए है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया (Mansukh Mandaviya) ने ट्वीट कर कहा कि विपक्ष निरर्थक बयान बाजी कर लोगों में घबराहट पैदा कर रही हैं। कुछ दिन पहले राहुल गांधी ने कहा था, ‘जुमले हैं, वैक्सीन नहीं!’
स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने एक के बाद एक 6 ट्वीट करके कहा, ‘वैक्सीन की उपलब्धता के संदर्भ में मुझे विभिन्न राज्य सरकारों और नेताओं के बयान एवं पत्रों से जानकारी मिली है, तथ्यों के वास्तविक विश्लेषण से इस स्थिति को बेहतर ढंग से समझा जा सकता है, निरर्थक बयान सिर्फ लोगों में घबराहट पैदा करने के लिए किए जा रहे हैं।’
स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा, ‘सरकारी और निजी अस्पतालों के जरिए टीकाकरण हो सके। इसलिए जून महीने में 11.46 करोड़ वैक्सीन की डोज राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों को उपलब्ध कराए गए और जुलाई के महीने में इस उपलब्धता को बढ़ाकर 13.50 करोड़ किया गया है।’
वैक्सीन की उपलब्धता के संदर्भ में मुझे विभिन्न राज्य सरकारों और नेताओं के बयान एवं पत्रों से जानकारी मिली है। तथ्यों के वास्तविक विश्लेषण से इस स्थिति को बेहतर ढंग से समझा जा सकता है। निरर्थक बयान सिर्फ लोगों में घबराहट पैदा करने के लिए किए जा रहे हैं। (1/6)
— Mansukh Mandaviya (@mansukhmandviya) July 14, 2021
एडवांस में दी जा रही है वैक्सीन उपलब्धता की जानकारी
स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने आगे कहा, ‘जुलाई में राज्यों में वैक्सीन के कितने डोज उपलब्ध कराई जाएगी। इसकी जानकारी केंद्र सरकार ने राज्यों को 19 जून, 2021 को ही दे दी थी। इसके बाद 27 जून व 13 जुलाई को केंद्र की ओर से राज्यों को जुलाई के पहले व दूसरे पखवाड़े के लिए उन्हें हर दिन की वैक्सीन उपलब्धता की जानकारी एडवांस में ही दी गई।’
विपक्ष पर निशाना साधते हुए स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा, ‘राज्यों को यह अच्छी तरह से पता है कि उन्हें कब और कितनी मात्रा में वैक्सीन डोज मिलेंगे, केंद्र सरकार ने ऐसा इसलिए किया है ताकि राज्य सरकारें जिला स्तर तक वैक्सीनेशन का काम सही योजना बनाकर कर सकें और लोगों को कोई परेशानी नहीं हो।’
अपने अगले ट्वीट में स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा, ‘अगर केंद्र पहले से ही अपनी तरफ से ये जानकारियां एडवांस में दे रही है। इसके बावजूद भी हमें कुप्रबंधन और वैक्सीन लेने वालों की लंबी कतारें दिख रही हैं तो यह बिल्कुल स्पष्ट है कि समस्या क्या है और इसकी वजह कौन है।’
स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा, ‘मीडिया में भ्रम व चिंता पैदा करने वाले बयान देने वाले नेताओ को इस बात पर आत्मनिरीक्षण करने की जरूरत है। क्या उन्होने शासन प्रक्रिया व इससे सबंधित जानकारियों से इतनी दूरी बना ली है।वैक्सीन आपूर्ति के संदर्भ में पहले से ही दी जा रही जानकारियों का उन्हें कोई अता-पता नहीं है।
