यूक्रेन में रूस से जंग की तैयारी: हाई अलर्ट पर अमेरिका के 8,500 सैनिक, पूर्वी यूरोप की रक्षा के लिए नाटो ने रूस सीमा पर तैनात किए फाइटर जेट-युद्धपोत

यूक्रेन में रूस से जंग की तैयारी: हाई अलर्ट पर अमेरिका के 8,500 सैनिक, पूर्वी यूरोप की रक्षा के लिए नाटो ने रूस सीमा पर तैनात किए फाइटर जेट-युद्धपोत

वाशिंगटन: पश्चिमी देशों के गठबंधन- NATO ने सोमवार को ऐलान किया कि वह पूर्वी यूरोप की सीमाओं पर बड़ी संख्या में फाइटर जेट्स और युद्धपोत तैनात कर रहा है। इसके साथ ही वह रूस से लगती सीमाओं पर अतिरिक्त सैन्यबलों को भी स्टैंडबाई पर रख रहा है। नाटो की ओर से यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब रूस लगातार अपनी तरफ से लगने वाली यूक्रेन सीमा पर सैनिकों की तैनाती कर रहा है। रूस अब तक कम से कम एक लाख सैनिक यूक्रेन सीमा पर भेज चुका है। रूसी टुकड़ियां यहां युद्धाभ्यास में भी जुटी हैं।

रूस और यूक्रेन के बीच जंग का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसे देखते हुए अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने 8,500 अमेरिकी सैनिकों को पूर्वी यूरोप में तैनाती के लिए ‘हाई अलर्ट’ पर रखा है। पेंटागन के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि इन सैनिकों में कॉम्बेट टीम, हेल्थ वर्कर्स, इंटेलिजेंस और सर्विलांस टीम के मेंबर्स शामिल हैं।

गौरतलब है कि नाटो यूरोप और उत्तरी अमेरिका के 30 देशों का संगठन है। इसमें फ्रांस, बेल्जियम, लक्जम्बर्ग, ब्रिटेन, नीदरलैंड, कनाडा, डेनमार्क, आइसलैंड, इटली, नॉर्वे, पुर्तगाल, जर्मनी, अमेरिका और तुर्की जैसे देश शामिल हैं। नाटो का गठन ही रूस के बड़े खतरे को देखते हुए किया गया था। इस संधि के तहत गठबंधन के किसी भी देश पर हमला पूरे नाटो पर हमला माना जाएगा और ये संगठन दुश्मनों पर कार्रवाई के लिए स्वतंत्र होगा।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन को यूक्रेन पर हमले की स्थिति में गंभीर नतीजे भुगतने की चेतावनी दी है। जॉनसन का ये बयान रूसी सेना द्वारा फरवरी में आयरलैंड के तट से 150 मील दूर समुद्री सैन्य अभ्यास करने के ऐलान के बाद आया है। रूस ने एटलांटिक, प्रशांत, भूमध्यसागर व उत्तरी सागर में अपने 140 वॉरशिप के साथ युद्धाभ्यास का ऐलान किया है।

नाटो ने अपने ताजा बयान में कहा है कि वह बाल्टिक समुद्र के क्षेत्र में अपने बचाव की पूरी तैयारी कर रहा है। इसके लिए सीमाओं पर सैन्य टुकड़ियां तैनात कर दी गई हैं। मदद के लिए डेनमार्क की तरफ से बाल्टिक देश (रूस की सीमा से लगता देश) लिथुआनिया को एफ-16 फाइटर जेट्स भेजे गए हैं। इसके अलावा स्पेन भी नाटो संधि के तहत बुल्गारिया को फाइटर जेट्स भेज रहा है। फ्रांस ने पहले ही बुल्गारिया में अपनी सेना भेजने की बात कही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *