दिल्ली हाईकोर्ट से व्हाट्सऐप को झटका, नोटिस पर रोक से किया इनकार

नई दिल्ली : दिल्ली हाईकोर्ट ने नई प्राइवेसी पॉलिसी को लेकर व्हाट्सऐप को झटका दिया है। दिल्ली उच्च न्यायालय ने प्राइवेसी पॉलिसी मामले में सूचना देने के लिए फेसबुक, व्हाट्सऐप को दिए गए भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग के नोटिस पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। बता दें कि जांच के सिलसिले में व्हाटसऐप को भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) ने 4 जून को नोटिस जारी किया था।

पहले दायर अर्जी और मौजूदा अर्जी में एक जैसी बातें कही गयी

न्यायमूर्ति अनूप जयराम भम्भानी और न्यायमूर्ति जसमीत सिंह की अवकाशकालीन पीठ ने कहा कि जांच में और कदम उठाने पर रोक लगाने का अनुरोध करने वाली एक अर्जी पहले ही दायर की जा चुकी है, जिसमें सीसीआई के महानिदेशक को नोटिस जारी किया गया। इस पर सुनवाई के लिए नौ जुलाई की तारीख तय की थी। पीठ ने आदेश में कहा, ‘हमने यह भी पाया कि पहले दायर अर्जी और मौजूदा अर्जी में एक जैसी बातें कही गयी हैं। पहले की वजहों के चलते हम इस वक्त आठ जून के नोटिस पर रोक लगाना उचित नहीं समझते। इस आदेश की प्रति बुधवार को उपलब्ध करायी गई।’

यह मामला एकल पीठ के आदेश के खिलाफ फेसबुक और व्हाट्सऐप की अपीलों से संबंधित है। एकल पीठ ने व्हाट्सऐप की नई निजता नीति की जांच का सीसीआई द्वारा आदेश देने के खिलाफ उनकी याचिकाओं को खारिज कर दिया था। हाईकोर्ट ने इससे पहले अपीलों पर नोटिस जारी किया था और केंद्र से जवाब देने को कहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *