हनुमानगढ़। कोख में पल रही बेटियों को बचाने के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है और इसी कड़ी में PCPNDT अधिनियम के तहत ‘डिकॉय/मुखबिर योजना’ को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रोत्साहन राशि को ढाई लाख से बढ़ाकर अब तीन लाख रुपए कर दी गई है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा के निर्देश पर यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू होगा। प्रमुख शासन सचिव अखिल अरोड़ा ने योजना के संबंध में बुधवार को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
CMHO डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि पूर्व में मुखबिर योजना के तहत भूर्ण लिंग परीक्षण संबंधी प्राप्त सूचना पर तीन किश्तों में ढ़ाई लाख रुपए तक की राशि प्रोत्साहन स्वरुप दी जाती थी, लेकिन अब इसे और व्यावहारिक बनाते हुए सफल डिकॉय ऑपरेशन पर मुखबिर, डिकॉय गर्भवती महिला एवं सहयोगी को दो किस्तों में कुल तीन लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा। पूर्व में योजना के तहत निर्धारित ढ़ाई लाख की राशि की पहली किश्त सफल डिकॉय होने पर, दूसरी न्यायालय में परिवाद दर्ज होने एवं तीसरी किस्त फैसला आने पर दी जाती थी। अब मुखबिर, डिकॉय गर्भवती महिला एवं सहयोगी को पहली किस्त सफल डिकॉय होने एवं दूसरी किश्त न्यायालय में अभियोजन पक्ष के समर्थन में बयान के बाद दी जाएगी।
आमजन दें सूचना, बेटियां बचाने में करें सहयोग – डॉ. नवनीत शर्मा
CMHO डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया नवीन डिकॉय/मुखबिर योजना के क्रियान्वयन से आमजन का भूर्ण लिंग परीक्षण रोकथाम में और अधिक सहयोग मिलेगा। उन्होंने आमजन से भूर्ण लिंग परीक्षण की रोकथाम में सहयोग करने एवं इसकी शिकायत टोल फ्री नम्बर 104/108 एवं राज्यस्तरीय WhatsApp नम्बर 97999-97795 पर देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ की जनता निश्चित ही इस पावन कार्य में सहयोग देगी एवं कोख के कातिलों को सलाखों के पीछे धकेलने में मदद करेगी।
गर्भवती महिला को अब दो किश्तों में डेढ़ लाख रुपए
PCPNDT प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि डिकॉय ऑपरेशन में गर्भवती महिला की अहम भूमिका रहती है। राज्य सरकार का यह निर्णय बेहद प्रभावी साबित होगा, क्योंकि गर्भस्थ शिशु की जोखिम एवं गर्भवती महिला को परेशानी को ध्यान में रखते हुए गर्भवती महिला की राशि में बढ़ोतरी की गई है। पहले गर्भवती महिला को तीन किस्तों में कुल एक लाख रुपए की राशि दी जाती थी। अब उसे दो किस्तों में कुल डेढ़ लाख रुपए की राशि प्रोत्साहन स्वरूप दी जाएगी। साथ ही पूर्व में मुखबिर को तीन किस्तों में 33 हजार 250 प्रति किश्त, सहयोगी को 16 हजार 625 रुपए प्रति किश्त मिलते थे। लेकिन अब मुखबिर को दो किस्तों में 50-50 हजार रुपए एवं सहयोगी को 25-25 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा।
