टोक्यो : QUAD समिट में हिस्सा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार सुबह जापान की राजधानी टोक्यो में पहुंचे। मोदी के जापान पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने उनका जोरदार स्वागत किया और जय श्रीराम के नारे लगाए। भारतीयों ने कहा- जो काशी को सजाए हैं, वो टोक्यो आए हैं। इसके बाद, PM मोदी इंडो-पैसिफिक इकोनॉमिक फ्रेमवर्क (IPEF) इवेंट में शामिल हुए। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत एक समावेशी इंडो-पैसिफिक इकोनॉमिक फ्रेमवर्क के लिए आप सभी के साथ काम करेगा। हमारे बीच भरोसा, पारदर्शिता, समयबद्धता होनी चाहिए। यह इंडो पैसिफिक क्षेत्र में विकास, शांति और समृद्धि लाएगा।
उन्होंने कहा कि इंडो-पैसिफिक क्षेत्र मैन्युफैक्चरिंग, आर्थिक गतिविधि और निवेश का केंद्र है। भारत इसका सदियों से प्रमुख केंद्र रहा है। भारत के लोथल (गुजरात) में सबसे प्राचीन कमर्शियल पोर्ट था। इसलिए ये आवश्यक है कि हम आर्थिक क्षेत्र की चुनौतियों के लिए साझा समाधान खोजें। वहीं, जापानी पीएम ने कहा कि जापान, अमेरिका और अन्य भागीदारों के सहयोग से भारत-प्रशांत क्षेत्र की स्थिर में योगदान देता रहा है।
जापान के बिजनेस लीडर्स के साथ बैठक
PM मोदी जापानी PM फुमियो किशिदा के बुलावे पर जापान पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि इस साल मार्च में किशिदा भारत-जापान ऐनुअल समिट में हिस्सा लेने भारत आए थे। टोक्यो दौरे पर भारत-जापान के बीच स्ट्रैटेजिक और ग्लोबल पार्टनरशिप पर बात होगी।