नई दिल्ली: पंजाब में 20 फरवरी को मतदान होने वाले हैं। मतदान से पहले पंजाब में राजनीति चरम पर है। इसी बीच आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और कवि कुमार विश्वास ने आप के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर बड़ा आरोप लगाया है। कुमार विश्वास ने कहा कि अरविंद केजरीवाल पंजाब में अलगाववादियों के समर्थक थे। विश्वास ने कहा, “एक दिन, उन्होंने मुझसे कहा कि वह या तो (पंजाब के) मुख्यमंत्री बनेंगे या एक स्वतंत्र राष्ट्र (खालिस्तान) के पहले पीएम होंगे।”
कुमार विश्वास ने कहा, ‘अरविंद केजरीवाल को यह समझना चाहिए कि पंजाब सिर्फ एक राज्य नहीं है वह एक भावना है। मैंने पहले उनसे कहा था कि अलगाववादी और खालिस्तानी संगठनों से जुड़े हुए लोगों का साथ न लें, तो केजरीवाल ने मुझसे कहा था कि नहीं-नहीं हो जाएगा।’ कुमार विश्वास ने कहा, ‘मैंने उसको कहा कि ये जो अलगाववादी संगठन हैं, खालिस्तानी मूवमेंट से जुड़े लोग हैं, इनका साथ मत ले, पिछले चुनाव में और उसने कहा था कि नहीं नहीं हो जाएगा, चिंता मत कर।’
कुमार विश्वास ने दावा किया, ‘एक दिन मुझसे कहता है कि तू चिंता मत कर या तो मैं एक स्वतंत्र सूबे का मंत्री बनूंगा। मैंने कहा कि ये अलगाववाद है। 2020 का रेफरेंडम आ रहा है, पूरी दुनिया फंडिंग कर रही है। तो कहता है कि तो क्या हो गया. स्वतंत्र देश का पहला प्रधानमंत्री बनूंगा। इस आदमी के थॉट में इतना ज्यादा अलगाववाद है. बस किसी तरह सत्ता मिले।’
