नई दिल्ली: केरल में पलक्कड़ के मलमपुझा इलाके में चट्टानों के बीच फंसे 20 साल के युवक को एयरफोर्स ने रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाल लिया। राज्य के CM पिनरई विजयन ने ट्विटर पर ये जानकारी देते हुए बताया- मालमपुझा में चेराड पहाड़ी में दो दिन से फंसे युवक को एयरफोर्स ने बचा लिया। अभी वो काफी डरा हुआ है। फिलहाल उसे डॉक्टरों की देखरेख में भेजा गया है। विजयन ने वायुसेना को युवक की जान बचाने के लिए धन्यवाद भी दिया है।
युवक को रेस्क्यू करने के लिए मद्रास रेजिमेंटल टीम के दो सदस्य पहाड़ी पर चढ़कर 250 फीट की ऊंचाई से नीचे उतर कर बाबू के पास पहुंचे। इसके बाद टीम ने बाबू को पहाड़ी से नीचे उतारने के बजाय ऊपर चढ़ाने का फैसला किया। टीम के लेफ्टिनेंट जनरल ए अरुण ने कहा कि पहाड़ी खड़ी थी और सहारे के लिए कोई पेड़ भी नहीं था, इसके चलते रेस्क्यू में हमें काफी परेशानी हुई, लेकिन हम कामयाब हुए। जानकारी के अनुसार 20 साल का बाबू सोमवार को मालमपुझा में चेराड पहाड़ी पर फंस गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार बाबू ने सोमवार को दो दोस्तों के साथ चेराड पहाड़ी की चोटी पर चढ़ने का फैसला किया था, लेकिन दोनों दोस्तों ने उसे बीच में ही छोड़ दिया। बाबू लगातार चोटी पर चढ़ता रहा और अचानक पैर फिसलने से चट्टानों के बीच फंस गया। जानकारी मिलने पर बचाव दल सक्रिय हुआ और काफी मशक्कत के बाद उसे बचा लिया गया।
