भरतपुर: भरतपुर से भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसद रंजीता कोली कोली को एक बार फिर से जान से मारने की धमकी मिली है। आरोपी ने इस बार गोली चलाने की बात कही है। पहले भी रंजीता कोली पर हमला हो चुका है। धमकी देने वाले युवक ने अपना नाम महेंद्र बताया है।
जानकारी के अनुसार सांसद रंजीता कोली ने बताया कि आज मेरे ऑफिस में एक फोन आया था। फोन पर बात करने पर सामने से एक व्यक्ति ने बोलते हुए कहा कि पहले भी मैंने आपकी गाड़ी पर हमला किया था और अब नहीं मानेगी तो मैं आप पर गोली चलाउंगा।
मैं डरने वाली नहीं हूं
सांसद कोली ने कहा कि इन कोरी धमकियों से मैं कभी डरने वाली नहीं हूं। उन्होंने कहा कि मैंने लोकसभा में खनन से जुड़े काफी मुद्दे उठाएं हैं लेकिन मुझे ये नहीं पता कि ये कौन लोग है, क्यों मेरे पिछे पड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि मैं पहले भी हमले के समय नहीं डरी थी और अब भी नहीं डरूंगी। जनता के लिए जो लक्ष्य मैंने चुना है उसे लेकर मैं आगे बढूंगी, मैं डरने वाली नहीं हूं।
पहले भी हुआ था हमला
आपको बता दें कि करीब दो महिने पहले भी सांसद रंजीता कोली पर देर रात बदमाशों ने हमला कर दिया था। भाजपा सांसद सांसद एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करके अपने घर लौट रही थी। रास्ते में धरसोनी गांव के पास कुछ बदमाशों ने उनकी गाड़ी पर हमला बोल दिया था।
