Headlines

बेनीवाल का जलवा दिखा, कार्यकर्ताओं में मिलने की होड़ सी नजर आई

जयपुर। आरएलपी(RLP) सांसद हनुमान बेनीवाल की पार्टी के भले ही वे अकेले सांसद हो और विधानसभा में तीन सदस्यों की उपस्थिति हो पर जयपुर स्थित बेनीवाल के आवास पर मौजूद भीड़ भाजपा-कांग्रेस जैसे प्रमुख राजनैतिक दलों की भविष्य में नींद हराम करने वाली सी नजर आती हैं।

बेनीवाल की बढ़ती लोकप्रियता में उनके प्रशंसकों में युवा तो है ही उसके साथ उम्रदराज लोगों की उपस्थिति भी यह बता रही थी कि आने वाले समय में आरएलपी की ताकत को कम नहीं आंका जाना चाहिए। उनका ये प्रभाव पहले नागौर,जोधपुर, बाड़मेर,जैसलमेर आदि जिलों में ही अधिक माना जाता था,लेकिन वहां उपस्थितों को देख यह कहा जा सकता है कि बेनीवाल ने अपने जनाधार को काफी बढ़ाया है और उनके चाहने वाले केवल एक जाति विशेष तक सीमित नहीं।

काम करने की शैली से प्रभावित नजर आएं लोग

विभिन्न जाति समुदाय के लोगों का जमघट जालुपुरा स्थित आवास व पार्टी कार्यालय पर नजर आया। यहां बेनीवाल जिस अंदाज से लोगों से मिल और समस्याओं के समाधान की कोशिश रहे थे उससे भी लोग प्रभावित नजर आएं। आरएलपी सुप्रीमों के साथ कार्यकर्ताओं में तो फोटों खिंचवाने की ही ऐसी होड़ मची हुई थी कि बेनीवाल को सबको राजी रखने के लिए दोपहर का खाना भी छोडऩा पड़ा। बच्चा हो या बुर्जुग सबसे जिस आत्मीयता से बेनीवाल मिल रहे थे उसने उनकी छवि के बारे में जो तस्वीर विरोधियों ने बना रखी थी उसे भी धो डाला।

सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने किया एयरपोर्ट पर स्वागत

बेनीवाल आज दोपहर ही जयपुर पहुंचे थे। जैसे ही वे पहुंचे उसके पहले ही कार्यकर्ता पूरे प्रदेशभर से आ डटे। सैंकड़ों कार्यकर्ता तो स्वागत करने एयरपोर्ट पर भी जा पहुंचे। उन्हें निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम को ही वापस लौटना था,क्योंकि कल संसद की बैठक में भाग जो लेगा है,लेकिन आए हुए सभी लोगों से मिलने के चक्कर में बेनीवाल को अपने कार्यक्रम में भी बदलाव करना पड़ा।

मुलाकात करने वालों का दिनभर रहा जमघट

इस बीच राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने बुधवार को जयपुर दौरे के दौरान प्रदेश भर से आये पार्टी के कार्यकर्ताओं व विभिन्न संगठनों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना। प्रदेशभर से आए लोगों ने उन्हें विभिन्न लंबित भर्तियों ,एलडीसी में नियुक्त कार्मिको को स्थानीय जिलों में नियुक्ति दिलवानेे,सड़क,पानी व बिजली सहित कई जन समस्याओं से अवगत करवाया। इस अवसर पर आरएलपी के प्रदेश अध्यक्ष व भोपालगढ़ विधायक पुखराज गर्ग, खींवसर विधायक नारायण बेनीवाल,आरएलपी महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष स्पर्धा चौधरी,प्रदेश महामंत्री शंकर नारोलिया व छुटन यादव तथा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रणदीप सिंह सहित कई जन-प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *