नई दिल्ली: योग दिवस से शुरू वैक्सीन की नई गाइडलाइंस के मुताबिक वैक्सीनेशन शुरू होने के पहले दिन सोमवार को 78 लाख से ज्यादा लोगों को टीका लगाया गया। यह एक दिन में वैक्सीनेशन का नया रिकॉर्ड है। इससे पहले 5 अप्रैल को 43 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई गई थी। सभी राज्यों का डेटा आने के बाद यह संख्या बढ़ भी सकती है। cowin.gov.in पर दिए डेटा के मुताबिक, शाम 7.55 बजे तक 78.75 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई गई है।
इससे पहले, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने शाम 4 बजे ट्वीट करते हुए कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन ड्राइव आगे है।उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन ड्राइव में संशोधित गाइडलाइन्स लागू होने के बाद एक एक दिन में रिकॉर्ड तोड़ 47 लाख कोविड वैक्सीन की डोज अब तक एक दिन में दी जा चुकी है।
पीएम मोदी बोले- वेल डन इंडिया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट कर ख़ुशी जताते हुए कहा कि आज का रिकॉर्ड तोड़ वैक्सीनेशन खुश करने वाला है। कोरोना से लड़ने के लिए वैक्सीन हमारा सबसे मजबूत हथियार बना हुआ है। उन सभी को बधाई जिन्होंने टीका लगवाया। सभी फ्रंटलाइन वॉरियर्स को बधाई जिन्होंने सुनिश्चित किया कि इतने सारे लोगों को टीका लगे। वेल डन इंडिया।
Today’s record-breaking vaccination numbers are gladdening. The vaccine remains our strongest weapon to fight COVID-19. Congratulations to those who got vaccinated and kudos to all the front-line warriors working hard to ensure so many citizens got the vaccine.
Well done India!
— Narendra Modi (@narendramodi) June 21, 2021
मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा वैक्सीनेशन
cowin.gov.in के मुताबिक, सोमवार को सबसे ज्यादा वैक्सीनेशन मध्यप्रदेश में हुआ है। यहां 14.71 लाख लोगों को टीका लगाया गया। इसके अलावा कर्नाटक में 10.36 लाख और यूपी में 6.57 लाख लोगों ने वैक्सीन लगवाई। दिल्ली में यह संख्या महज 76,102 रही।
टीका लगवाने वालों की कुल संख्या 28 करोड़ के पार
उधर, स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि देश में अब तक 28 करोड़ से ज्यादा लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जा चुकी है। नई गाइडलाइंस के मुताबिक, अब 18 साल से ज्यादा उम्र के हर नागरिक को केंद्र सरकार की ओर से मुफ्त वैक्सीन लगाई जा रही है।
